अमरोहा। बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के 25 वर्ष पूरे होने पर जनपद न्यायालय परिसर में बने रजत जयंती द्वार का इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अरुण कुमार देशवाल ने बृहस्पतिवार शाम लोकार्पण किया। उन्होंने अधिवक्ताओं को निरंतर अध्ययन, आधुनिक तकनीक अपनाने और वरिष्ठों से मार्गदर्शन लेने की सीख दी। समारोह में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चेयरमैन शिवकिशोर गौड़ समेत न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।
बार एसोसिएशन की स्थापना 21 मई 2001 को हुई थी। लोकार्पण के बाद न्यायमूर्ति ने बार परिसर में बरगद का पौधा रोपा। जनपद न्यायाधीश विवेक ने कहा कि द्वार से न्यायालय परिसर की सुंदरता बढ़ेगी और बार-बेंच के संबंध मजबूत होंगे। उन्होंने अधिवक्ताओं के हित में सहयोग का भरोसा दिया।
न्यायमूर्ति अरुण कुमार देशवाल ने कहा कि अमरोहा बार एसोसिएशन से उनका विशेष जुड़ाव है और यहां घर जैसा अनुभव होता है। उन्होंने अधिवक्ताओं से नई तकनीक अपनाने, लगातार अध्ययन करने और पूरी तैयारी से न्यायालय में पक्ष रखने का आह्वान किया। जानकारी न होने पर वरिष्ठों से मार्गदर्शन लेने की सलाह दी।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष कपिल कुमार चिकारा ने कहा कि अधिवक्ताओं के हित, सम्मान और स्वाभिमान से समझौता नहीं होगा। उन्होंने नवोदित अधिवक्ताओं से अनुशासन, वरिष्ठों का सम्मान और निरंतर अध्ययन बनाए रखने की अपील की। बार काउंसिल चेयरमैन शिवकिशोर गौड़ और सदस्य प्रशांत सिंह अटल ने भी अधिवक्ताओं के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
अध्यक्ष कपिल चिकारा और महासचिव अरशद हुसैन भारती ने अतिथियों को शॉल और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। समारोह में अपर जिला जज संजय चौधरी, नसीमा खानम और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. लकी मौजूद रहे।
प्रशांत सिंह अटल का स्वागत कर दी जीत की बधाई
अमरोहा। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल का अमरोहा पहुंचने पर स्वागत किया गया।
होटल सुमंगलम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सोमपाल सिंह ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। नितिन चौहान, दिनेश चौहान और सतबीर सिंह ने स्मृति चिह्न भेंट किया, जबकि समरपाल सिंह ने पटका पहनाकर स्वागत किया। अशोक चौहान, हरपाल सिंह चौहान, विजय ठाकुर और जयदीप ठाकुर समेत अन्य लोगों ने बधाई दी। जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने भी प्रशांत सिंह अटल का स्वागत कर जीत की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त पंजीकृत अधिवक्ता मोहसिन अली और अली आजम को बैंड पहनाया। संवाद