मंडी धनौरा (अमरोहा)। गांव कमालपुर में रविवार को लग्न की दावत खाकर फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए लोगों के उपचार के लिए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने गांव में कैंप लगाकर मरीजों की जांच कर दवाई दी।
गांव निवासी राहुल कुमार की बरात सोमवार को गांव हैबतपुर जानी थी। रविवार की दोपहर राहुल के परिजनों ने एक बरातघर में लग्न की दावत दी थी। दावत खाने के बाद रात तक ग्रामीणों की हालत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त, बुखार आदि की शिकायतें होने लगी। 50 से अधिक लोग बीमार हो गए। लोगों ने निजी अस्पताल का रूख किया। दावत खाने से बीमार हुई 70 साल की एक वृद्धा फूलवती की मौत हो गई थी। मामले की जानकारी प्रशासनिक अधिकारी को भी मिली। बुधवार की सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राहुल कुमार के नेतृत्व में एक टीम गांव कमालपुर पहुंची। सरकारी स्कूल में कैंप लगाकर ग्रामीणों को दवाएं वितरित की गई। अधीक्षक ने बताया कि कैंप में करीब 35 लोगों का परीक्षण कर उनको दवाएं दी गई। किसी की हालत गंभीर नहीं है। इस मौके पर डॉ. राहुल कुमार, डॉ. परवेज, डॉ. शिरिन, शैली यादव, अभिषेक वर्मा आदि मौजूद थे।