अमरोहा। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में श्रद्धालु भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। पर्व को लेकर घरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, शहर के श्रीवासुदेव तीर्थ मंदिर स्थित सरोवर पर भी छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस भी सतर्क हो गई है।
श्री बाबा गंगा नाथ मंदिर के पंडित आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि छठ महापर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। पहले दिन व्रती स्नान करने के बाद शुद्धता के साथ भोजन तैयार करते हैं। इसमें आम की लकड़ी का चूल्हा, देसी घी और सेंधा नमक का विशेष महत्व होता है। इसी दिन पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की खरीदारी भी की जाती है।
14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर ग्रहण करेंगे। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। 15 नवंबर को व्रती नदी, तालाब और सरोवरों में पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण किया जाएगा। पंडित आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि छठ पर्व सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर है। बिहार और पूर्वांचल के कई परिवार पिछले वर्षों से श्रीवासुदेव तीर्थ के सरोवर पर पहुंचकर श्रद्धापूर्वक यह पर्व मनाते आ रहे हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।