डिडौली। शादी से मुकरने के बाद नाराज युवती ने प्रेमी के घर पहुंचकर हंगामा किया। युवती ने प्रेमी पर शादी का वादा कर संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगाया। पंचायत के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया और बाद में प्रेमी युगल का निकाह कराया गया।
यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले किसान की बेटी का इसी गांव के युवक से काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। युवती का आरोप है कि प्रेमी ने उससे शादी का वादा किया था और इसी भरोसे पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। लेकिन समय बीतने के साथ युवक शादी से पीछे हटने लगा, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो गई। बीते शुक्रवार से प्रेमी ने युवती का फोन उठाना भी बंद कर दिया। इससे आक्रोशित युवती रविवार को सीधे प्रेमी के घर पहुंच गई और वहीं शादी की जिद पर अड़ गई।
युवती को घर पर देख प्रेमी मौके से फरार हो गया। इसके बाद युवती थाने पहुंची और युवक के खिलाफ तहरीर दे दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव के जिम्मेदार लोग और परिजन एकत्र हो गए। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें दो घंटे तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत चली। पंचायत ने दोनों पक्षों को समझाया और आपसी सहमति से विवाद को सुलझा दिया। पंचायत के फैसले के बाद प्रेमी ने युवती से निकाह करने पर सहमति जताई। गांव में ही सादगीपूर्ण माहौल में दोनों का निकाह कराया गया। निकाह के बाद युवती दुल्हन बनकर अपने ससुराल चली गई। दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से मामला सुलझने के बाद किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया।