गजरौला (अमरोहा)। डीजे पर डांस कर घर लौटते समय हत्यारोपी किशोरी के पीछे लग गए थे। रास्ते में उसका हाथ पकड़ लिया था। किशोरी ने परिजनों से शिकायत करने की धमकी दी तो आरोपी घबरा गए। इसी डर के कारण आरोपियों ने उसे मार डाला। वारदात को अंजाम देने से पहले तीन युवकों ने शराब पी थी। यह खुलासा पुलिस की जांच में हुआ है।
थानाक्षेत्र के गंगा और रामगंगा पोषक नहर के टापू में बसे गांव निवासी ग्रामीण की नाबालिग बेटी की सोमवार की रात गला व मुंह दबाकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक किशोरी को कार्यक्रम से उसकी बड़ी बहन लेकर घर आ गई थी। कुछ देर बाद वह फिर डीजे पर डांस करने अकेली चली गई थी। डीजे पर डांस करने के बाद वह अकेली घर लाैट रही थी। रात के अंंधेरे में गलियों में उसे अकेला जाते देख तीन युवक उसके पीछे लग गए। उसका हाथ पकड़ लिया। इस पर उसने यह कहकर जान बचाई कि वह अपने परिजनों से कहेगी। वह आकर चारपाई पर लेट गई थी।
थोड़ी देर में तीनों युवक आ गए। चारपाई पर सो रही किशोरी को गला और मुंह दबा लिया। पुलिस का दावा है कि हत्यारोपियों ने उसे चीखने तक का मौका नहीं दिया और उसकी हत्या कर दी। तीनों ने वारदात को अंजाम देने से पहले शराब पी थी। मंगलवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद उसका शव गांव में पहुंचा। देर रात में ही पुलिस की मौजूदगी मे अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मुख्य आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल
किशोरी की गला व मुंह दबाकर हत्या करने में नामजद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या का आरोप शीशोंवाली गांव निवासी संदीप और उसके पांच साथियों पर है। एक नामजद आरोपी नाबालिग है। मुख्य आरोपी संदीप को पुलिस ने मंगलवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को पुलिस ने मेडिकल कराया। इसके बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि संदीप को जेल भेज दिया गया है। अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।