ट्रेन आने के कारण बंद किए गए रेलवे फाटक को न खोलने पर गेटमैन से गाली गलौज करते हुए अभद्रता कर दी। इस दौरान उसने हंगामा भी कर दिया। गेटमैन के फोन करने पर आरपीएफ के साथ ही पुलिस पहुंच गई। घटना की जानकारी ली। पुलिस ने गेटमैन की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया।
मामला थाना क्षेत्र में दरियापुर बुजुर्ग के निकट रेलवे फाटक का है। आरपीएफ थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि देर रात ट्रेन आने के कारण गेटमैन राजीव कुमार ने दरियापुर का रेलवे फाटक बंद कर दिया था। तभी दरियापुर बुजुर्ग का कावेंद्र सिंह आया। उसने फाटक खोलने को कहा। आरोप है कि गेटमैन द्वारा ट्रेन गुजरने के बाद ही फाटक खोलने की बात कहने पर कावेंद्र आग बबूला हो गया। उसने गेटमैन के साथ गाली गलौज कर दी। हंगामा करने लगा। शोर शराबा सुन गांव के लोग इकट्ठा हो गए। जिसके बाद वह जान से मारने की धमकी देकर चला गया। सोमवार को गेटमैन राजीव कुमार रेलवे के अधिकारी व कर्मचारियों संग थाने पहुंचा। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। एसएसआई प्रेमपाल सिंह ने बताया कि आरोपी कावेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।