डिडौली पुलिस ने यूरिया और नौसादर से अपमिश्रित शराब तैयार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। मौके पर एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीन भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने मौके पर 25 लीटर अपमिश्रित समेत पचास लीटर शराब बरामद की। जबकि बड़ी संख्या में कच्ची शराब तैयार करने का सामान मिला। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। गिरफ्तार एक तस्कर को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
बृहस्पतिवार की सुबह दरोगा संजीव कुमार, मोइन खान, कांस्टेबल विनोद कुमार, धर्मेंद्र तिवारी गश्त पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली की जोई के मैदान में बनी कोटरी के पास कुछ लोग यूरिया और नौसादर मिलाकर अपमिश्रित शराब तैयार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए ठिकाने पर पर छापा मार दिया। पुलिस को देख कर शराब बनाने वाले तस्करों में भगदड़ मच गई। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम गुड्डू उर्फ फरमान निवासी मोहल्ला मुंशीयान जोया बताया। जबकि भागने वाले साथियों का नाम मुन्ना कुरैशी, रफी और इस्लाम निवासी कांकर सराय थाना अमरोहा देहात सामने आए। पुलिस ने मौके पर 25 लीटर अपमिश्रित और पच्चीस लीटर कच्ची शराब बरामद की। जबकि डेढ़ किलो यूरिया, 500 ग्राम नौसादर और शराब तैयार करने का अन्य सामान बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने मौके पर छोटे हाथी को कब्जे में लेकर सील कर दिया।
सीओ विजय कुमार राणा के मुताबिक आरोपी इस वाहन से शराब की तस्करी करते हैं। तलाशी के दौरान केबिन से फर्जी नंबर प्लेट पर मिली है। सीओ के मुताबिक पुलिस को धोखा देने के लिए यह लोग फर्जी नंबर लगाकर कच्ची शराब की तस्करी करते थे। मामले में गुड्डू उर्फ फरमान, मुन्ना कुरैशी, रफी, इस्लाम के खिलाफ आबकारी एक्ट और धोखाधड़ी में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जबकि गिरफ्तार गुड्डू उर्फ फरमान को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।