मंडी धनौरा। तहसील के खादर क्षेत्र के गांवों में उफनती गंगा व बाहे नदी की वजह से हालात बेहद खराब हैं। बाढ़ जैसे हालात का सामना कर रहे ग्रामीण दूसरी अन्य समस्याओं से परेशान हैं। ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी परेशानी अंतिम संस्कार की है। रविवार को ग्राम मुकारमपुर में एक युवती की शवयात्रा बाढ़ के पानी से होकर गुजरी। दाह संस्कार के लिए भी उचित स्थान नहीं मिल पा रहा है।
पहाड़ाें पर हो रही बारिश की वजह से गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। तहसील के करीब 12 गांव इन दिनों गंगा नदी के पानी से घिरे हुए हैं। गंगा नदी व बाहे नदी का जलस्तर बढ़ने का सर्वाधिक खामियाजा ग्राम मुकारमपुर, सीपिया फॉर्म, रसूलपुर भांवर, इब्राहिमपुर के ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है। सीपिया फाॅर्म पर गंगा किनारे रोजाना 10-12 लोगों का अंतिम संस्कार किया जाता है। लेकिन बाढ़ के पानी में पुलिया बह जाने के कारण लोग अंतिम संस्कार के लिए सीपिया फाॅर्म नहीं जा पा रहे हैं।
लोगों को मजबूरी में अपने प्रियजनों के शव का अंतिम संस्कार दूसरे स्थानों पर करना पड़ रहा है। रविवार को मुकारमपुर गांव निवासी 30 वर्षीय युवती ज्योति की मौत हो गई। उसकी शवयात्रा पानी के बीच से ही निकाली गई।