अमरोहा देहात क्षेत्र के मिलक पापड़ी गांव निवासी किसान ऋषिपाल सिंह की बेटी सोनम की शादी 28 अप्रैल 2021 को चकिया गांव निवासी गुरदीप के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के चार साल बाद ही ससुराल वाले सोनम को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर मारपीट करते है। 11 फरवरी 2025 को ससुराल वालों ने सोनम के साथ मारपीट की तो उसने फोन करके पिता को इसकी जानकारी दी। इस पर ऋषिपाल सिंह बेटी से मिलने पहुंचे तो ससुराल वालों ने उनके सामने ही सोनम की पिटाई की।
ऋषिपाल सिंह ने बचाने का प्रयास किया तो गुरदीप व धर्मेंद्र ने धारदार हथियार से उनके सिर पर हमला कर दिया। ऋषिपाल सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि मामले में गुरदीप, धर्मेंद्र और लता देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।