डिडौली। डिडौली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक अजीबोगरीब केस प्रकाश में आया। जहां पिता ने बेटी को नाबालिग बताते हुए उसके साथ तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई तो वहीं बेटी ने थाने पहुंचकर पूरी कहानी ही बदल दी। बेटी ने कहा युवक बेगुनाह है, मैं बालिग हूं, मैंने शादी की है मेरे साथ कोई दुष्कर्म नहीं हुआ। उसने पिता के खिलाफ तहरीर दी है।
डिडौली क्षेत्र के एक गांव एक परिवार किराए पर रहता है। उसके पास कई अन्य घर भी हैं। अधिकांश लोग पास में ही एक फैक्टरी में काम करते हैं। एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म एवं आरोपी के दो मौसेरे भाइयों द्वारा दुष्कर्म की वीडियो बनाने की का आरोप लगाया। पुलिस ने मोनू एवं उसके दो मौसेरे भाई विशाल व अमर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलने पर मंगलवार को युवती थाने पहुंच गई। पिता के खिलाफ तहरीर दी। कहा कि मेरे साथ कोई दुष्कर्म नहीं हुआ है। मरजी से शादी की है। कहा कि वह बालिग है तथा उसने अपनी मर्जी से मोनू के साथ शादी की है। दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे है। पिता तीन लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। थाना प्रभारी रमेश सहरावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।