मंडी धनौरा। बार एसोसिएशन के चुनाव की सरगर्मियां शुरू हो गई हैं। एल्डर कमेटी की बैठक में 31 दिसंबर तक चुनाव कराने का फैसला लिया गया है। शीघ्र ही चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।
अध्यक्ष व महासचिव पद समेत अन्य पदों के दावेदारों ने अधिवक्ताओं से संपर्क शुरू कर दिया है। बार एसोसिएशन के चुनाव हर साल दिसंबर के महीने में होते हैं। लेकिन इस साल 13 दिसंबर तक भी चुनाव को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया।
इससे अधिवक्ताओं में चर्चा शुरू हो गई थी। अधिवक्ताओं ने इस संबंध में एल्डर कमेटी से चुनाव पर शीघ्र फैसला लेने की अपील की। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष तिलकराज चौहान ने बताया कि समिति के सदस्यों के साथ वर्चुअल बैठक की गई। बैठक में 31 दिसंबर तक चुनाव कराने पर सहमति बनी। उन्होंने बताया कि चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम एकाध दिन में ही जारी हो जाएगा।
मतदाताओं की सूची तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। वही दूसरी ओर अध्यक्ष व महासचिव पद समेत अन्य पदों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक अधिवक्ताओं ने दूसरे अधिवक्ताओं से संपर्क शुरू कर दिया है। संवाद