अमरोहा। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी, साथ ही इन्हीं कक्षाओं के छात्रों के शिक्षक और अभिभावक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रतिभागियों को अपने प्रश्न अधिकतम 500 शब्दों में तैयार कर 11 जनवरी 2026 तक पोर्टल पर अपलोड करना होगा। कार्यक्रम के लिए जीआईसी अमरोहा के प्रधानाचार्य ललित कुमार को नोडल नामित किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ''परीक्षा पे चर्चा'' के नौवें संस्करण के लिए सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, स्ववित्त पोषित, सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम के तहत 11 जनवरी तक https://innovateindia1.mygov.in पर ऑनलाइन प्रतियोगिता की जा रही है। इसमें कक्षा छह से 12 तक के छात्र, शिक्षक और अभिभावक भाग ले सकेंगे। सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाण-पत्र मिलेगा और चुनिंदा प्रश्नों को प्रधानमंत्री के साथ लाइव चर्चा में शामिल किया जाएगा। डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि परीक्षा का तनाव कम करने और छात्रों को प्रेरित करने वाला यह कार्यक्रम पिछले आठ वर्षों से लाखों लोगों को जोड़ चुका है। इस बार भी प्रधानमंत्री सीधे छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद करेंगे।