अमरोहा। यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटर परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में अंक प्रणाली लागू की गई है। विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों के लिए अंक निर्धारित किए गए हैं जिन स्कूलों के अंक अधिक होंगे, उनको केंद्र बनाए जाने के लिए वरीयता मिलेगी। अलग-अलग चरणवार प्रक्रिया पूरी करने के बाद केंद्र निर्धारण की कार्रवाई पूरी की जाएगी। अंक निर्धारण और सत्यापन कार्य डीएम की अध्यक्षता वाली समिति करेगी।
बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। यूपी बोर्ड हाईस्कूल-इंटर की परीक्षा 18 फरवरी 2026 से प्रस्तावित है। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए केंद्र निर्धारण की कवायद तेज हो गई है। जिले में हाईस्कूल के लिए 26395 और इंटर के लिए 23606 सहित कुल 50001 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा के लिए कॉलेजों की सत्यापन प्रक्रिया को पूरा कराया जा रहा है। केंद्रों के निर्धारण प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए कॉलेजों को अंकों के इम्तिहान से भी गुजरना होगा। 2025 के बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल व इंटर का विद्यालय का परीक्षा परिणाम 90 फीसदी से ऊपर रहने पर 10-10 अंकों का निर्धारण किया गया है। इसके अलावा बच्चों की धारण क्षमता के आधार पर भी 30 अंकों तक का निर्धारण किया गया है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों की श्रेणी व विद्यालयों के स्तर पर अंक मिलेंगे।अलग प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद 30 दिसंबर को केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
इस तरह से हुआ अंकों का निर्धारण
- सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में शिक्षण कार्य होने पर - 10 अंक
- विद्यालय साल 2025 में परीक्षा केंद्र होने पर - 20 अंक
- विद्यालय में स्मार्ट क्लास संचालित होने पर - 10 अंक
- जनपद स्तर पर टॉप टेन में छात्र-छात्राओं के शामिल होने पर - 10 अंक
- राज्य स्तर पर टॉप टेन में छात्र-छात्राओं के शामिल होने पर - 20 अंक
- विद्यालयों की उपस्थित ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने पर - 10 अंक
-
बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया चल रही है। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को विद्यालयों की सुविधाएं एवं प्रगति को देखते हुए अंक निर्धारित किये गए हैं। जिसके आधार पर उनको केंद्र बनाए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। - डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस