हसनपुर। तहसील क्षेत्र के गांव इकौंदा में कुत्तों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। सोमवार को एक ही दिन में दो बच्चों समेत छह लोगों को कुत्तों ने अलग-अलग स्थानों पर काटकर जख्मी कर दिया। घायलों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एआरवी लगवाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से कुत्तों के पकड़वाने की मांग की है।
गांव इकौंदा में कुत्तों का आतंक है। सोमवार सुबह को गांव निवासी 65 वर्षीय रामफल खेत पर जा रहे थे। रास्ते में कुत्तों ने हमला कर दिया। किसी तरह से लोगों ने उन्हें बचाया। राकेश की बेटी स्वाति को भी घर के बाहर रास्ते पर कुत्तों ने काट लिया। स्वाति ने किसी तरह से भागकर जान बचाई। रामेश्वर पुत्र रामचरन को घर में घुसकर कुत्तों ने काट लिया। इसी तरह से प्रशांत पुत्र कमल पर भी कुत्ते ने हमला कर घायल कर दिया। सात वर्षीय त्रिदेव पुत्र किशोर व श्रीराम पुत्र ओमदत्त को भी कुत्तों ने काट लिया। ग्रामीण रामेश्वर का कहना है कि ऐसा लगता है कि कुत्तों के झुंड में शामिल एक कुत्ता पागल हो गया है। वहीं, कुत्ता हमला कर रहा है। पिछले तीन दिनों में कुत्ते दस से अधिक लोगों को काट चुके हैं। ग्रामीणों ने कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।