तिगरी धाम। तिगरी मेले में शनिवार को डीएम डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव का अलग अंदाज देखने को मिला। कानून व्यवस्था संभालने वाले दोनों अधिकारी मंच पर गायक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने मशहूर गीत ‘सलामत रहे दोस्ताना हमारा’ की प्रस्तुति देकर लोगों का दिल जीत लिया। उनकी जुगलबंदी पर खूब तालियां बजीं।
मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गायक ने डीएम और एसपी से गीत सुनाने की फरमाइश कर दी। दोनों अधिकारियों ने मुस्कुराते हुए फरमाइश स्वीकार की और माइक थामकर मंच पर पहुंच गए। उन्होंने फिल्मी गीत ‘सलामत रहे दोस्ताना हमारा’ गाया तो मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।
दोनों अधिकारियों की प्रस्तुति से कुछ देर के लिए मेले का माहौल प्रशासनिक औपचारिकताओं से हटकर दोस्ती और संगीत के रंग में रंग गया। डीएम और एसपी का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। उनकी गायकी का वीडियो भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।