अमरोहा। जोया रोड पर नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। इससे शहर की जल निकासी व्यवस्था ठीक होगी। जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। यह नाला बंबूगढ़ से कचहरी तक बनाया जाएगा और दासीपुर के पास बगद नदी में मिलाया जाएगा। इसके बनने से बदावला, सुबोधनगर समेत कई मोहल्लों में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी, जहां अब तक नालियों में पानी भरा रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सुबोधनगर मोहल्ले में पानी निकासी की व्यवस्था बेहतर न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात के दिनों में सड़कों पर पानी भर जाता है। मोहल्ले में ही प्लॉटों में पानी चला जाता है लेकिन अब अमरोहा-जोया रोड पर करीब डेढ़ करोड़ की लागत से बनने वाले नाले से लोगों को काफी राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बरसात से पहले से ही इस नाले का निर्माण पूरा करा लिया जाएगा। जिससे पानी निकासी ठीक तरह से हो सके। यह नाला कचहरी के पास में ही दूसरे नाले से जोड़ा जाएगा और पानी बगद नदी में जाकर मिलेगा। नाले का काम तेजी के साथ चल रहा है। पहले नाला न बनने से यहां के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। उधर, कांठ रोड पर भी नगर पालिका की ओर से अधूरे पड़े नाले का निर्माण कार्य शुरु कराया जाएगा। इस काम भी काफी समय बंद पड़ा था लेकिन अब धनराशि अवमुक्त होने से काम शुरु कराया जाएगा। इससे शहर का अधिकांश पानी इस नाले से बाहर जाएगा और लोगों को बरसात में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।