गांव अल्लीपुर खादर निवासी क्लीनिक संचालक कोशिंदर (26) की पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या की गई थी।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। पुलिस ने दो नामजद सहित 14 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
हसनपुर क्षेत्र के गांव अल्लीपुर खादर निवासी कोशिंदर (26) आदमपुर क्षेत्र के गांव साथलपुर में क्लीनिक चलाते थे। रविवार रात आठ बजे वह बाइक से गांव जा रहे थे। गांव करनखाल व लुहारी खादर के बीच में स्थित भट्ठे के पास रंजिश में कुछ लोगों ने पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी थी। सोमवार दोपहर भीम आर्मी कार्यकर्ता परिजनों के साथ मामले में कार्रवाई के लिए हंगामा किया था। इसके बाद पुलिस ने मृतक के पिता रामशरण की तहरीर पर गांव के ही चंंद्रपाल व भगतजी को नामजद करते हुए 14 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि युवक की गला दबाकर हत्या की थी। गले और चेहरे पर चोट के निशान भी हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस के अलावा एसओजी की टीम भी लगी हुई है।
-
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर थाने पहुंचा बसपा का प्रतिनिधिमंडल
हसनपुर। क्लीनिक संचालक कोशिंदर की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बसपा का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिलाध्यक्ष सोमपाल सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में थाने पहुंचा। उन्होंने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बसपा नेता अजब सिंह एडवोकेट ने कहा कि दलितों पर अत्याचार किया जा रहा है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। इस मौके दौरान मृतक के पिता रामशरण सिंह, विजेंद्र कुमार, अनुज कुमार विधानसभा प्रभारी, कैलाश चंद विधानसभा अध्यक्ष, अमित हाली, रणवीर सिंह, गोपीचंद, जयविन्दर, हारस्वरूप, सतीश, ब्रह्म सिंह, मोहनलाल, दिनेश मौजूद रहे।