अमरोहा। शहर में बढ़ती जाम की समस्या से व्यापारियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। बाजारों और प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है। रोजाना के जाम से कारोबार भी चौपट हो रहा है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
व्यापारियों का कहना है कि बिजनौर रोड पर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे भी यातायात में बाधा बन रहे हैं। यदि इन खंभों को हटाकर सड़क के बीच में डिवाइडर के साथ लगाया जाए तो सड़क चौड़ी हो जाएगी और वाहनों का आवागमन सुचारु हो सकेगा।
इसके साथ ही सड़क किनारे लगे ठेलों को भी हटवाने की मांग की जा रही है, क्योंकि इनके कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। बाहर से आने वाली बसों को शहर के अंदर लाने के बजाय बाईपास से निकाला जाए। इससे मुख्य बाजारों में वाहनों का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।
अतिक्रमण को भी जाम की बड़ी वजह बताया जा रहा है। कई दुकानदार अपनी दुकानों के आगे तक सामान फैला देते हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और यातायात प्रभावित होता है। इसके अलावा ऑटो और ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या भी बाजार में जाम का कारण बन रही है।
व्यापारियों का सुझाव है कि ई-रिक्शा और ऑटो के लिए अलग से मार्ग तय किए जाएं या फिर बाजार क्षेत्र में वन-वे व्यवस्था लागू की जाए। इससे यातायात सुचारु हो सकेगा और लोगों को जाम से राहत मिल सकती है। प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए अतिक्रमण हटाने और ई-रिक्शा के संचालन को नियंत्रित करने तथा सड़कों के चौड़ीकरण जैसे कदम जल्द उठाए जाएं।
-
शहर में जाम की समस्या बनी हुई है। बिजनौर रोड पर सड़क की साइड में जो बिजली के खंभे लगे हैं। उनको हटाकर बीच में डिवाइडर बनाकर लगवाया जाए। ठेलों को भी हटवाया जाए और जो बस शहर के अंदर आती हैं उनको बाईपास से निकाला जाए। - प्रवीण आर्य, व्यापारी
अतिक्रमण एक बड़ी समस्या है। दुकानों के आगे तक रखा सामान जाम की एक मुख्य वजह है। ई रिक्शाओं के मार्ग तय किए जाएं या फिर बाजार में वन वे किया जाए। इससे राहत मिलेगी। आफताब आलम, दुकानदार
ऑटो और ई रिक्शा की वजह से बाजार में जाम की समस्या बन जाती है। इनको बाजार में आने से रोका जाए। आर्यन राजपूत, व्यापारी
बाजार में ई रिक्शा और ऑटो की वजह से जाम लग रहा है। इस पर ध्यान दिया जाए तो काफी राहत मिलेगी। रहीस अहमद अंसारी, दुकानदार
प्रवीण आर्य, व्यापारी
प्रवीण आर्य, व्यापारी
प्रवीण आर्य, व्यापारी