अमरोहा। परिजनों की गैर मौजूदगी के बाद विवाहिता इन्द्रकली (30) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव घर के बाथरूम में फंदे पर लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस आत्महत्या मान रही है, लेकिन इन्द्रकली ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया यह अभी स्पष्ट नहीं है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चूना भट्ठी अरविंद कुमार का परिवार रहता है। उनके यहां भैंसों का पालन होता है। जिनकी देखरेख के लिए चार महीना पहले ही उन्होंने मध्य प्रदेश के जिला शहडोल के थाना वैभारी के गांव आमदी निवासी मोनू को नौकरी पर रखा था। मोनू के परिवार में पत्नी पत्नी इंद्रकली, पांच साल की बेटी माही व दो साल का बेटा जाती कौल हैं। यह परिवार पशुशाला के पास बने मकान में रहता है।
पुलिस के मुताबिक मोनू और इंद्रकली की शादी छह साल पहले हुई थी। रविवार दोपहर मोनू किसी काम से घर से बाहर गया था। घर पर पत्नी इंद्रकली और दोनों बच्चे थे। दोपहर दो बजे जब वह घर वापस लौटा तो पत्नी नजर नहीं आई। बच्चे भी घर में खेल रहे थे। मोनू ने उसे तलाश किया तो बाथरूम इंद्रकली का शव फंदे पर लटका मिला।
थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर पंकज तोमर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच पड़ताल की। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि संभवत विवाहिता ने घरेलू क्लेश के चलते आत्मघाती कदम उठाया है। आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।