अमरोहा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में अमरोहा के पारंपरिक शिल्प और स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। मेले में जिले की छह प्रमुख इकाइयों और उद्यमियों का चयन हुआ है।
प्रदर्शनी में जीआई टैग प्राप्त अमरोहा की ढोलक समेत वाद्य यंत्र, ओडीओपी के तहत प्रसिद्ध सेव, वुडन हैंडीक्राफ्ट, कंबल और हैंडलूम उत्पाद प्रदर्शित होंगे। रूस, सिंगापुर, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और जापान पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में करीब 1.50 लाख बीटूबी खरीदार और 4.50 लाख से अधिक बीटूसी आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। कॉन्फ्रेंस, नॉलेज सेशन, फैशन शो और विदेशी खरीदारों के दौरे भी होंगे।
उपायुक्त उद्योग अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रेड शो पारंपरिक दस्तकारों और नए उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच देगा। इससे नए बाजार और संभावित निर्यात कारोबार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, नवोन्मेषकों और भावी उद्यमियों से आयोजन में पहुंचकर कारोबारी संपर्क व बाजार की संभावनाएं समझने की अपील की।