अमरोहा। मिलेनियम वर्ल्ड स्पोर्ट्स एकेडमी के मैदान पर द आर्यंस क्रिकेट एकेडमी और मिलेनियम वर्ल्ड स्पोर्ट्स एकेडमी की टीम के बीच खेले गए फ्रेंडली टी-20 मैच में द आर्यंस क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 26 रन से जीत दर्ज की। मैच में कप्तान दीपांशु ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार खेल के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच, बेस्ट बल्लेबाज और बेहतरीन गेंदबाज के खिताब से सम्मानित किया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी द आर्यंस क्रिकेट एकेडमी की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 174 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान दीपांशु ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 31 गेंदों में 69 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। इसके अलावा अहमद रजा ने 9 गेंदों में 17 रन, शाने आलम ने 16 गेंदों में 16 रन और अमन कुमार ने 12 गेंदों में 15 रन का योगदान दिया।
मिलेनियम वर्ल्ड स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से नयन गुप्ता और प्रीत सिरोही ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों गेंदबाजों ने तीन-तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोकने का प्रयास किया। वहीं विशाल तोमर ने भी एक विकेट हासिल किया। 175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मिलेनियम वर्ल्ड स्पोर्ट्स एकेडमी की टीम निर्धारित ओवर पूरे करने से पहले ही 17 ओवर में 148 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से नयन गुप्ता ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 63 रन बनाए।
इसके अलावा मुजाहिद ने 25 गेंदों में 36 रन और प्रीत सिरोही ने 24 गेंदों में 25 रन की पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अन्य बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके। द आर्यंस क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में कप्तान दीपांशु ने तीन ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। वहीं प्रियांशु ने तीन ओवर में मात्र 12 रन देकर दो विकेट चटकाए। इसके अलावा रोहित और अभय सिंह ने भी एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया।
मैच के अंत में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पर मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।