अमरोहा। दो नाबालिग बहनों को बहलाकर ले जाने वाले आरोपियों को विवेचक ने सांठगांठ करके छोड़ दिया। इतना ही नहीं पीड़ित परिवार को उनकी बेटियों के बरामद करने की जानकारी तक नहीं दी गई। अब आरोपी पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बना रहे हैं।
दरोगा फैसला न करने पर फर्जी केस में जेल भिजवाने की धमकी दे रहा है। प्रकरण को गंभीरता से लेकर न्यायालय ने दरोगा और महिला कांस्टेबल पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिया हैं। हसनपुर कोतवाली के एक गांव में किसान का परिवार रहता है। 25 अगस्त को उनकी दो बेटियों को गांव के रहने वाले जसपाल और रोहताश बहलाकर ले गए थे। इस संबंध में दोनों आरोपियों के खिलाफ किसान ने मुकदमा दर्ज कराया था। 26 अगस्त को पुलिस ने किसान की दोनों नाबालिग बेटियों को बरामद कर आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन दरोगा विजेंद्र और अज्ञात महिला कांस्टेबल ने पीड़ित परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी।
पुलिस ने परिजनों को बिना बताए दोनों नाबालिग बहनों का मेडिकल कराया और दोनों बहनों को डरा धमकाकर आरोपियों के पक्ष में बयान दर्ज करा दिए। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अतुलेश भारद्वाज से जानकारी मिलने के बाद किसान के होश उड़ गए। किसान का आरोप है कि विवेचक विजेंद्र सिंह ने आरोपी जसपाल और रोहताश के परिवार वालों से दो लाख रुपये लेकर उन्हें छोड़ दिया। तभी से दोनों आरोपी और उनके परिवार वाले समझौते का दबाव बना रहे हैं।
आरोप है कि दरोगा विजेंद्र सिंह भी फैसला नहीं करने पर फर्जी केस लगाकर जेल भेजने की धमकी दे रहा है। पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा उन्होंने न्यायालय की शरण ली। प्रकरण को गंभीरता से लेकर न्यायालय ने विवेचक विजेंद्र सिंह और अज्ञात महिला कांस्टेबल पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।