जोया (अमरोहा)। उमरा के लिए सऊदी अरब गए 18 युवकों के वापसी के टिकट कैंसिल और धोखाधड़ी कर साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए। सऊदी अरब में फंसने पर परिजनों ने भारत से उनके टिकट की व्यवस्था कराई। वापस लौटने पर पीड़ितों ने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को सहसपुर अलीनगर निवासी मोहम्मद कामिल, अंजुम, गणेशपुर निवासी रजा शाह, नीलीखेड़ी निवासी नौशाद, सकीना और जासमीन, मिठनपुर निवासी रईसुल और भूरा, तरन्नुम, मुनासिब निवासी सिनौरा जलालाबाद, भूरी, मुशर्रफ निवासी कनपुरा, इफ्तेखार निवासी बिलारी और डिडौली निवासी मकसूद, हबीबा, साजिद, कमरे आलम डिडौली कोतवाली पहुंचे। इन लोगों का आरोप है कि मुरादाबाद के थाना कुंदरकी के गांव जलालपुर निवासी युवक के माध्यम से सभी ने उमरा करने के लिए सऊदी अरब की टिकट और वीजा बुक कराया था। भारत से सऊदी अरब जाने और वहां से लौटने तक का किराया 38 हजार रुपये प्रति व्यक्ति तय हुआ था। 18 लोगों ने युवक को छह लाख 84 हजार रुपये की धनराशि देकर 11 नवंबर 2019 के टिकट बुक कराया था। सभी लोग उमरा के लिए चले गए। वापसी का टिकट सात दिसंबर का था। सभी सात दिसंबर को जद्दा एयरपोर्ट पहुंचे लेकिन छह दिसंबर को ही युवक ने सभी 18 लोगों के टिकट कैंसिल करा दिए थे। ऐसे में सभी वहां फंस गए। उन्होंने परिजनों से भारत में संपर्क कर यहां से टिकट कराए। इसके बाद वह सऊदी अरब से दिल्ली पहुंचे। आने के बाद पीड़ित आरोपी के घर पहुंचे। जहां से वह लापता है। उसके मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा हैं। पीड़ितों ने तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।