अंबेडकरनगर के मीरानपुर मोहल्ले में स्थित इस मस्जिद में रमजान के पवित्र माह को लेकर हुई विशेष साफ-सफाई।
- फोटो : अमर उजाला
कैलसा (अमरोहा) (ब्यूरो)। रमजान के दौरान सामूहिक रूप से एक साथ निश्वित स्थान पर नमाज पढ़ने की जगह मांगने पर दोनों समुदाय के लोगों में कहासुनी हो गई। दूसरे समुदाय के लोगों ने विरोध करते हुए कहा कि नई परंपरा मंजूर नहीं है। सूचना पर थाना पुलिस गांव में पहुंची। दोनों समुदायों के लोगों को समझाया। कोई परंपरा नहीं डालने की चेतावनी दी। कहा कि कानून का पालन नहीं करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के चकभीका नगला गांव निवासी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय के लोगों से कहा कि उनको रमजान माह में निश्चित स्थान पर नमाज पढ़ने की इजाजत दे दी जाए जिससे उनको अपनी इबादत करने में दिक्कत का सामना न करना पड़े। रमजान के बाद वह पूर्व की तरह ही घरों में नमाज पढ़ेंगे।
दूसरे समुदाय के लोगों ने इससे इंकार कर दिया। कहा कि जिस तरह पहले से ही इबादत करते आए हैं, उसी तरह से करें। नई परंपरा न डालें जिससे कहासुनी के बाद दोनों समुदाय के लोगों में तनाव बढ़ गया। सूचना पर थानाध्यक्ष ऋषि कुमार थाना पुलिस के साथ गांव में पहुंचे। दोनों समुदाय के लोगों को समझाया। थानाध्यक्ष ने नई परंपरा नहीं डालने देने की चेतावनी दी। नई परंपरा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई।