अमरोहा। आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज के लिए विवाहिता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता मायके में रह रही थी। आरोपी पति ने तीन तलाक देकर रिश्ता तोड़ लिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
अमरोहा नगर के मोहल्ला अहमदनगर निवासी अच्छन शाह की बेटी जैनब निशा की शादी 20 मार्च को बिजनौर के मोहल्ला पतिया पाड़ा नई बस्ती निवासी मोहम्मद कासिम के साथ हुई थी। परिजनों ने शादी में बतौर उपहार काफी सामान दिया था। आरोप है कि तभी से ससुरालिया जैनब निशा को दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। दहेज में एक लाख रुपये की मांग की। वहीं ससुरालियों ने 20 मई को पीड़िता को पीट कर घर से निकाल दिया। तभी वह मायके में अपने पिता के घर रह गई है। लेकिन, 22 सितंबर की शाम ससुरालिया मोहल्ला अहमदनगर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मोहम्मद कासिम ने जैनब निशा को तीन तलाक देकर रिश्ता तोड़ लिया। जिसके बाद पुलिस थाने पहुंची तो पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। पीड़िता ने एसपी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। अब एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति मोहम्मद कासिम, वाहिद, कनीजा, अली मोहम्मद और मोहब्बत के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, तीन तलाक और मारपीट सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।