अमरोहा। जिले में जमीन व अन्य छोटे विवादों को निपटने के लिए एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने नई पहल की है। इसके लिए गांव और मोहल्ला स्तर पर जी-10 टीम बनाई जाएगी। जिसमें गांव मोहल्ले के दस सज्जन, संभ्रांत और गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। विवाद की स्थिति में दोनों पक्षों से संवाद कर सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
अमरोहा जिले में छह ब्लाकों में 576 ग्राम पंचायत हैं। पिछले बारह सालों में करीब 1075 गांवों की चकबंदी हुई थी। वर्तमान में बीस से अधिक गांवों में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है। हाल ही में कई गांव में चकबंदी पूरी हो चुकी है। जबकि धारा 52 होना बाकी है। इसके बाद अभिलेख तहसील चले जाएंगे। चकबंदी प्रक्रिया के बाद गांव-गांव जमीन के विवाद का मकड़जाल फैला हुआ है। किसी की जमीन कम है, तो वह पड़ोसी के खेत में ज्यादा बताकर छीनने की कोशिश कर रहा है। जिले में सबसे ज्यादा विवाद चकरोड और मेड़ के हैं। पिछले दिनों में कई विवादों में हत्या तक हो चुकी है। ऐसे स्थिति में एसपी ने बताया कि छोटे-छोटे मामले भी बड़े विवादों का रूप धारण कर लेते है। इसके अलावा कई विवाद अकस्मात फौजदारी में बदल जाते है। छोटे-छोटे विवाद गंभीर रंजिश का रूप धारण न करें, इसके लिए प्रत्येक गांव, मोहल्ले के दस गणमान्य और संभ्रांत व्यक्तियों की टीम बनाई जा रही हैं। ये टीम जी-10 के नाम से जानी जाएगी।