अमरोहा। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत शिक्षकों की कला समेकित शिक्षण शास्त्र की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह जिला व प्रदेश स्तर पर आयोजित होगी। न्यूनतम दो वर्षों का शैक्षिक अनुभव रखने वाले शिक्षक एक सितंबर तक फॉर्म भर सकेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 15 सितंबर को होगा।
जिला समन्वयक समग्र शिक्षा मदनपाल सिंह ने बताया कि कला उत्सव के अंतर्गत कला समेकित शिक्षण शास्त्र की प्रक्रियाओं को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के एक अलग वर्ग समृद्धि के रूप में जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य माध्यमिक स्तर से कला समेकित शिक्षण शास्त्र को प्रोत्साहित करना और लोकप्रिय बनाना है। यह कार्यक्रम पूरे देश के शिक्षकों द्वारा कला समेकित शिक्षण शास्त्र की प्रक्रियाओं को प्रदर्शित करने का एक मंच है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता जिला व राज्य स्तर पर आयोजित की जाएगी। इसमें कक्षा नौ से 12 तक के राजकीय व अनुदान प्राप्त स्कूलों के शिक्षक हिस्सा ले सकते हैं।
20 सितंबर को घोषित होगा परिणाम
प्रतियोगिता के लिए एक सितंबर को जिला स्तर पर गूगल फॉर्म भरा जाएगा जबकि 15 सितंबर को प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 20 सितंबर को प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 10 अक्टूबर को गूगल फॉर्म भरा जाएगा जबकि प्रतियोगिता 15 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। परिणाम 20 अक्टूबर को एनसीईआरटी को उपलब्ध कराया जाएगा। डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि अधिक से अधिक शिक्षकों को आवेदन करने के लिए कॉलेजों को भेजा गया है।