नगर के मोहल्ला हीरानगर में सोमवार तड़के एक शिक्षिका मां की डांट से क्षुब्ध होकर अपने कमरे में फंदे से झूल गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया।
हीरानगर में रहने वाली युवती नगर के ही एक जूनियर हाईस्कूल में बच्चों को पढ़ाती थी। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। सोमवार सुबह तकरीबन चार बजे उसकी मां ने उससे घर में बंधी भैंस के लिए चारे की व्यवस्था करने को कहा था। बताया जाता है कि नींद में होने की वजह से युवती ने अभी आई कहकर मां को टाल दिया।
दोबारा टोकने पर युवती ने फिर से आई कह दिया। आरोप है कि इससे क्षुब्ध होकर मां ने डांट दिया। यह बात युवती को चुभ गई। अपनी मां को बगैर बताए युवती अपने कमरे में गई और फांसी के फंदे पर झूल गई। सूचना मिलने पर परिजन और रिश्तेदार भी आ गए। पुलिस को बगैर सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
वहीं ढबारसी के आदमपुर थाना इलाके के गांव सांथलपुर की चकवाली मंढैया निवासी बबलू (40) पुत्र अमर सिंह शराब पीने का आदी था। रोज शराब पीकर पत्नी बच्चों को पीटता था। रविवार की रात को बबलू शराब पीकर घर में घुसा था। और शराब पीने के लिए पत्नी से रुपये मांगने लगा। पत्नी रुपये नहीं दिए तो रात में बबलू घर के कमरे में ही फांसी के फंदे पर झूल गया।
सुबह जब परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा तो होश उड़ गए। निजी चिकित्सक को दिखाया गया। लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। परिजनों ने बिना कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।