गजरौला(अमरोहा)। गजरौला की एमडीए कालोनी निवासी दंपती ने मकान बेचने की बात कहते हुए दो दोस्तों से 15 लाख 85 हजार रुपये ले लिए। इकरारनामा करा दिया। चार लाख रुपये बैनामे के दौरान देने की बात कही। बाद में बैनामा कराने से इंकार कर दिया। दबाव बनाने पर गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद निवासी भोजराम व मेरठ के गंगानगर मवाना रोड और हाल निवासी एमडीए कालोनी महावीर सिंह पुत्र गुरुदेव सिंह दोस्त हैं। महावीर सिंह पुत्र गुरुदेव सिंह गजरौला की एमडीए कालोनी में रहकर नौकरी करते हैं। दोनों काफी समय से खरीदने के लिए मकान की तलाश कर रहे थे। सितंबर-19 में भोजराम व महावीर को गजरौला की एमडीए कालोनी निवासी दंपती ने अपना मकान दिखाया। कई लोगों की मौजूदगी में मकान का सौदा हो गया। दोनों ने मकान मालिक दंपती को 13 लाख 85 हजार रुपये दिए। बैनामा 19 सितंबर-20 को कराने की बात हुई। इकरारनामा कराया कि बाकी रकम चार लाख 15 हजार रुपये बैनामे के दौरान दिए जाएंगे। लेकिन इसके बाद भी दंपती ने मकान का बैनामा नहीं कराया। रुपये भी वापस नहीं किए। अधिक दबाव बनाने पर गाली गलौच कर जान से मारने की धमकी दी।
भोजराम व महावीर ने थाना पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने टाल मटोल करते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिस पर उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अब अदालत के आदेश पर पुलिस ने दंपती के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी शरद मलिक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच पड़ताल के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।