अमरोहा। स्कूलों में पढ़ने वाले 1,33,092 बच्चों को नि:शुल्क किताब और कार्य पुस्तिकाएं बंटेगी। गजरौला स्थित भंडार गृह में किताबों की खेप आनी शुरु हो गई है। कुल 9,26,272 किताबों के लिए महकमा 1.94 करोड़ रुपये भुगतान करेगा। इससे पहले किताबों के कागज की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी।
जिले में कुल 1,371 स्कूलों के पढ़ने वाले बच्चों को निशुल्क किताब और कार्य पुस्तिका वितरित की जाएगी। जिसमें 1,266 परिषदीय स्कूल, 41 इंटर कॉलेज जिसमें संलग्न प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूल हैं। इसके साथ ही पांच अनुुदानित मदरसे भी शामिल हैं। योगी सरकार ने इन बच्चों को मुफ्त में किताबें बांटने के लिए महकमे को निर्देशित किया है। इसके तहत कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों को नामांकन के अनुसार स्कूल से किताब मिलेंगी। स्कूल में कम संख्या में बच्चे हैं तो किताबों को बीआरसी में जमा करेंगे। हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और संस्कृत की किताबों को दूसरे स्कूलों में भेजा जाएगा।