ढबारसी (अमरोहा)। दिल्ली के चांदबाग में हुई हिंसा की वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी पार्षद ताहिर हुसैन की फैक्टरी में काम करने आदमपुर क्षेत्र के मजदूर भूमिगत हो गए हैं। हसनपुर तहसील क्षेत्र के दस से अधिक गांव के लोग दिल्ली में ताहिर की फैक्टरी में काम करते हैं। दिल्ली हिंसा के दो दिन बाद क्षेत्र के मजदूर अपने-अपने गांव लौट आए थे। सोशल मीडिया पर हिंसा की वीडियो वायरल होने के बाद सभी गायब हो गए हैं।
आदमपुर थानाक्षेत्र के गांव पौरारा के मूल निवासी ताहिर हुसैन वर्तमान में दिल्ली में आम आदमी पार्टी के पार्षद हैं। दिल्ली पुलिस ने उसे दिल्ली के चांदबाग हिंसा का आरोपी बनाया है। ताहिर फर्नीचर का बड़ा कारोबारी है। चांदबाग में फर्नीचर फैक्टरी है। बताया जाता है कि इस फैक्टरी में हसनपुर तहसील क्षेत्र के दस से अधिक गांवों के लोग मजदूरी करते हैं। दिल्ली हिंसा के दो दिन बाद क्षेत्र के अधिकांश मजदूर अपने-अपने गांव लौट गए। इस बीच दिल्ली के चांदबाग में ताहिर हुसैन की चार मंजिल कोठी से फायरिंग, पेट्रोल बम, तेजाब के पैकेट और पथराव करने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसकी भनक ताहिर की फैक्टरी से लौटे लोगों को लगी तो वह भूमिगत हो गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक ताहिर की फैक्टरी में काम करने वाले गांव लौट आए थे, लेकिन अब वह दिखाई नहीं दे रहे हैं। आदमपुर थाना इंस्पेक्टर अशोक शर्मा ने बताया कि ताहिर हुसैन या अन्य किसी के मामले में दिल्ली पुलिस ने थाना पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया है। दिल्ली पुलिस के आने की भी कोई सूचना नहीं है।
गिरफ्तारी का सता रहा डर
ढबारसी। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद चांदबाग हिंसा में शामिल उपद्रवियों के चेहरे सामने आ गए है। हिंसा में फैक्टरी में काम करने वाले क्षेत्रीय लोग भी शामिल हो सकते हैं। ऐसे में उन्हें गिरफ्तारी का डर सता रहा है।
दिल्ली पुलिस के रडार पर ताहिर की फैक्टरी के मजदूर
ढबारसी। दिल्ली के चांदबाग हिंसा में पुलिस ताहिर को मुख्य आरोपी मान रही है। ताहिर की कोठी के ईद-गिर्द की हरकतों की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसकी फैक्टरी के मजदूर दिल्ली पुलिस के रडार पर हैं।
इन गांवों के लोग करते ताहिर की फैक्टरी में काम
पौरारा, सिरसा, रहरा, पतेई, गंगवार, बुरावली, उझारी, ढक्का, ढबारसी, आदमपुर, चचौरा आदि गांव