अमरोहा जिला अस्पताल में खाली पड़ी डॉक्टर की कुर्सी सामने इंतजार करते मरीज।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। जिला अस्पताल में अव्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। डॉक्टरों की कार्यशैली में समझ से परे हैं। चंद कदम दूर स्थित कॉलोनी से देर में पहुंचते हैं। दोपहर में ओपीडी छोड़कर नदारद रहते हैं। बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रहती है। कुछ कक्षों में डॉक्टरों की गैरहाजिरी में अप्रेंटिस करने वाले छात्र मरीजों को देखते हैं।
जिला अस्पताल के चिकित्सक मनमाना रवैया अपनाए हुए हैं। सबकुछ संज्ञान में होने के बाद भी आला अधिकारी कार्रवाई को तैयार नहीं हैं। मंगलवार की सुबह कई चिकित्सक ओपीडी में देर से पहुंचे। दूरदराज से आए मरीज सुबह सात बजे ही काउंटर से पर्चा लेने के बाद चिकित्सकों के कक्ष के बाहर लाइन में लग गए। घंटों चिकित्सक के नहीं पहुंचने पर वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछना शुरू कर दिया। इलाज के अभाव में मरीज अस्पताल परिसर में भटकते रहे। चिकित्सक अपने मनमाने टाइम पर ओपीडी में पहुंचे। वहीं साढ़े बारह बजे के बाद चिकित्सक अपने कक्ष से निकलने लगे। मरीज पर्चा लेकर कक्ष के सामने खड़े थे। इतना ही नहीं डॉक्टरों की गैर मौजूदगी में अप्रेंटिस करने वाले छात्र मरीजों को देखते नजर आए। हैरत की बात यह है कि जिला अस्पताल की अव्यवस्था आला अफसरों को पता है। बावजूद इसके मनमाना रवैया अपनाने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। डॉक्टरों को कार्यशैली से मरीज परेशान रहते हैं। सीएमएस डॉ. रामनिवास ने बताया कि ओपीडी के समय डॉक्टरों को वार्ड में मरीज देखने जाना पड़ता है। इस दौरान उनका अपने कक्ष के गायब होना स्वाभाविक है।