गंगा एक्सप्रेस-वे को हसनपुर-गवां स्टेट हाईवे से जोड़ने के लिए मंगरौला में टी-प्वाइंट बनाया जा रहा है। टी-प्वाइंट के निर्माण को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इससे स्टेट हाईवे से सफर करने वाले वाहन चालकों की गंगा एक्सप्रेस-वे पर इसी प्वाइंट से एंट्री होगी। साथ ही गंगा एक्सप्रेस-वे से इसी प्वाइंट से स्टेट हाईवे पर आ सकेंगे। इस प्वाइंट का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
मेरठ से प्रयागराज तक बनाए जा रहे 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे के कार्य को जिला अमरोहा में अंतिम रूप देने की तैयारी की जा रही है। तहसील हसनपुर के 24 गांवों से होकर गुजर रहे गंगा एक्सप्रेस-वे की जिले में लंबाई 23.6 किमी है। इसमें करीब 22.5 किमी गंगा एक्सप्रेस-वे बन चुका है। हालांकि, इसमें कहीं पर तीसरी लेयर डाली जा रही है। कहीं पर कुछ काम शेष है।
गंगा एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर सर्विस रोड भी तैयार किया जा रहा है।
जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे के मध्य सबसे महत्वपूर्ण स्थान है मंगरौला गांव। इसी गांव को केंद्र बनाकर जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया गया है। मंगरौला में ही गंगा एक्सप्रेस-वे पर एंट्री व एग्जिट टी-प्वाइंट बनाया गया है। यह टी-प्वाइंट गंगा एक्सप्रेस-वे से स्टेट हाईवे को जोड़ेगा। एक तरफ रहरा, गवां, अनूपशहर होते हुए अलीगढ़ की दिशा में जा सकते हैं, तो दूसरी ओर हसनपुर, गजरौला होते हुए दिल्ली, बिजनौर व मुरादाबाद की दिशा में जा सकते हैं। टी-प्वाइंट के कार्य को अंतिम रूप दिए जाने का काम तेजी के साथ किया जा रहा है।
- गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के दौरान गांव मंगरौला में टी-प्वाइंट के कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह टी-प्वाइंट स्टेट हाईवे से गंगा एक्सप्रेस-वे को जोड़ेगा। अशोक मोगा, प्रोजेक्ट मैनेजर, गंगा एक्सप्रेस-वे।