अमरोहा/उझारी। मकान पर अवैध कब्जा करने व मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 20 लोगों पर कार्रवाई तो की, लेकिन उझारी चौकी इंचार्ज व पांच सिपाही भी इस मामले में फंस गए। चौकी इंचार्ज व सिपाहियों पर ही मकान पर कब्जा कराने का आरोप लगा। जिसके बाद एसपी ने सभी को सस्पेंड कर दिया है। वहीं मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है।
ये मामला उझारी के मोहल्ला महल का है। जहां पर सलीम अख्तर का परिवार रहता है। आरोप है कि कुछ लोग सलीम अख्तर को घर पर कब्जा करना चाहते हैं। चार सितंबर की सुबह मकान पर कब्जे को लेकर आरोपी सीढ़ी लगाकर घर में दाखिल हो गए। दरवाजा खोलकर मारपीट की गई। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट की गई। उसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। यह सारी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र के साथ सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी। जिसके आधार पर पुलिस ने बीस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बाद में पुलिस ने आस मोहम्मद, शाहिद, नवेद, सोहेल, जुबेर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा बाबर, आलम, नसरीन, फरहीन , रुजुदा, आफरीन, आसमा, बानो, सायदा, रुखसाना, जायदा, नन्ही, माजिद, नासिर मुशीर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई हैं। घटना के बाद उझारी चौकी पुलिस पर आरोपियों का सहयोग करने का आरोप लगा। अधिकारियों की प्राथमिक जांच में ये पुष्टि हो गई कि पुलिस ने आरोपियों के साथ मिलकर मकान पर कब्जा कराया था। जिसके आधार पर एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने उझारी पुलिस चौकी प्रभारी और छह कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। एसपी ने बताया कि चौकी प्रभारी कर्मजीत सिंह, हेड कांस्टेबल किशन लाल, कांस्टेबल अरुण, अमित, छोटेलाल, मुरारी लाल को निलंबित किया गया है।
सपा नेता के भाई से यारी, इंस्पेक्टर को पड़ी भारीफोटो
हसनपुर। हसनपुर कोतवाली में सपा नेता के भाई का जन्मदिन सेलिब्रेट करना इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा को भारी पड़ गया। देर रात पुलिस अधीक्षक ने लापरवाही मानते हुए इंस्पेक्टर से कोतवाली का चार्ज छीन लिया। उनके स्थान पर डायल 112 पर प्रभारी विनय कुमार को हसनपुर कोतवाली का इंस्पेक्टर बनाया गया है। सात सितंबर की शाम को कोतवाली में समाजवादी पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष यूसुफ कुरैशी के छोटे भाई बिलाल कुरैशी का जन्मदिन मनाया गया था। इसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने मामले की जांच सीओ को सौंपी थी। रविवार की देररात एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा को कोतवाली से हटाकर अपराधा शाखा में भेज दिया जबकि डायल 112 के प्रभारी विनय कुमार को कोतवाली हसनपुर को इंस्पेक्टर बनाया गया है।