मंडी धनौरा (अमरोहा)। नगर के एक मुहल्ला में रहने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। युवक की एक रिश्तेदार ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाया है। काफी देर तक युवक का शव ब्लाक कार्यालय के बाहर बने अंतिम संस्कार चबूतरे पर रखा रहा। बाद में परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मृतक के घर पहुंची थी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई शिकायत मिलने से इनकार किया है।
नगर के एक मुहल्ला में रहने वाले लगभग 30 वर्षीय युवक की शुक्रवार की तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर रिश्तेदार भी रोते पीटते हुए आ गए। शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय एक महिला रिश्तेदार ने उसकी पत्नी पर युवक की मौत का आरोप लगा दिया। उसके आरोप की जानकारी मिलने पर शव काफी देर तक ब्लाक कार्यालय के बाहर बने अंतिम संस्कार पचपेड़ी पर रखा रहा। एक रिश्तेदार का कहना था कि युवक के गले पर चोट के निशान थे। प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और जानकारी की। प्रभारी निरीक्षक सर्वेंद्र शर्मा ने बताया कि कोई शिकायत इस संबंध में नहीं मिली है। मुहल्ले में युवक की मौत की चर्चा है।