भारतीय किसान यूनियन असली की पंचायत शुक्रवार को मंडी समिति में आयोजित हुई। इसमें किसानों ने कहा कि दि किसान सहकारी चीनी मिल का पेराई सत्र जल्द शुरू किया जाए। ताकि खेत खाली हो जाएं और गेहूं की बुवाई में देरी न हो। वहीं, गन्ना का मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की।
पंचायत में तहसील अध्यक्ष चौधरी समरपाल सिंह ने कहा कि छुट्टा पशुओं की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। कई गोशालाएं होने के बावजूद छुट्टा पशु खेत व आबादी में घूम रहे हैं। जो फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मंडल महासचिव परम सिंह चौधरी ने कहा कि बिजली विभाग की ओर से लगाए गए मीटर गलत रीडिंग दे रहे हैं। जिसे सही कराया जाए। किसान नकुल सिंह ने कहा कि गांव लुहारी खादर में कच्ची शराब का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन, इस तरफ आबकारी विभाग और पुलिस विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। कच्ची शराब का निर्माण रोका जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पंचायत की अध्यक्षता चेतराम सिंह ने की। इस मौके पर गोवर्धन सिंह, सुखीराज चौहान, दिलपुकार, कमल भगतजी, अलीमुद्दीन सैफी, रमेश चंद्र मौजूद रहे।