नाला बंद होने के चलते लोगों के घरों में बारिश का पानी भर गया। कब्रिस्तान भी जलमग्न हो गया। गलियों, घरों व कब्रिस्तान में पानी भरा होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रधान पर नाला बंद करने का आरोप लगाया है।
मामला विकास क्षेत्र के बिजौरा ग्राम पंचायत का है। गांव में जलभराव से निजात दिलाने के लिए नाला बना है। जिससे गांव का पानी तालाब में जाता है। लेकिन इस समय गांव की गलियों में पानी भरा है। कई घरों में भी पानी भर गया है। ग्राम प्रधान पर आरोप है कि उन्होंने नाला बंद कर दिया। जिससे गांव का पानी तालाब में जाने की बजाय घरों में भर गया है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी निकाल रहे है। वहीं, कुछ ग्रामीणों को घर में पानी आने से रोकने के लिए मिट्टी की डोल बनानी पड़ी है। नाला बंद कर दिए जाने से गांव का कब्रिस्तान भी जलमग्न हो गया है। ग्रामीणों ने जलभराव के लिए ग्राम प्रधान को जिम्मेदार ठहराते हुए इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। ग्राम प्रधान नदीम अहमद का कहना है कि उन्होंने नाला बंद नहीं किया, बल्कि बारिश इतनी हुई कि तालाब भर जाने के बाद उसका पानी गांव में आ गया।