अमरोहा। किसानों को चीनी मिल चलने का इंतजार है, क्योंकि उसे समय से गेहूं के लिए जमीन भी तैयार करनी है। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि 25 अक्तूबर से एक नवंबर के बीच में चीनी मिलों का संचालन किया जाएगा। बारिश की वजह से एक सप्ताह आगे बढ़ गया संचालन। किसान इस समय कोल्हू पर गन्ना डाल रहे हैं।
हसनपुर, धनौरा और चंदनपुर शुगर मिल हसनपुर को चलाने के लिए मिल प्रबंधन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। ताकि छोटी-छोटी कमियों को दूर किया जा सके। जिले में 1.68 लाख किसान है, जो जनपद के अलावा बाहरी की चीनी मिलों को भी गन्ने की आपूर्ति करते हैं। इस साल 1.2 लाख हेक्टेयर में गन्ने की फसल है, जबकि पिछले साल 98 हजार हेक्टेयर में गन्ने की फसल थी। गन्ने की फसल की तरफ किसानों का रुझान ज्यादा है। इसमें नुकसान की संभावना कम रहती है। गन्ना अधिकारी मिल चालू कराने के लिए मिल प्रशासन को निर्देश भी दे चुके हैं। किसान संगठन मांग कर रहे हैं कि मिलों को समय से चलाया जाए। जिससे गेहूं के लिए समय से जमीन तैयार की जा सके।
....
सरकार गन्ने का मूल्य घोषित करे
भारतीय किसान यूनियन शंकर के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिवाकर चौधरी का कहना है कि सरकार पहले गन्ने का 600 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य घोषित करे। इसके बाद समय से चीनी मिलों का संचालन किया जाए। जिससे किसानों को गेहूं की बोआई के लिए समय से खेत तैयार करने में किसी प्रकार की परेशानी न आए। किसानों को चौदह दिन के अंदर भुगतान मिलना चाहिए।
...
एसएमएस के जरिये मिलेंगी गन्ना पर्ची
किसानों को एसएमएस के जरिये गन्ना पर्ची मिलेंगी। किसान अपने मोबाइल फोन को अपडेट रखें। जो नंबर गन्ना विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज कराया है। उसे ठीक रखें और इनबॉक्स को खाली रखें। जिससे पर्ची देखने में किसी प्रकार की परेशानी न आए।
....
बारिश की वजह से एक सप्ताह चीनी मिलों का संचालन लेट हो गया। अब 25 अक्तूबर से एक नवंबर के बीच में चीनी मिलों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए मिल प्रबंधन तैयारियों में जुटा है। किसानों को मोबाइल पर ही गन्ना पर्ची भेजी जाएगी।
-मनोज कुमार, जिला गन्ना अधिकारी