संवाद न्यूज एजेंसी
मिलक। दरोगा द्वारा दुष्कर्म पीड़िता को अश्लील व्हाट्सएप मैसेज भेजने और चैटिंग करने के मामले में एसपी ने दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है जहां गांव निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया था। उसने आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया गया। इसकी शिकायत करने के लिए जब वह कोतवाली पहुंची तो हल्का दरोगा ने उनसे पुत्री का फोन नंबर ले लिया।
पीड़िता की मां का आरोप था कि रात को दरोगा ने उसकी नाबालिग पुत्री को कॉल कर अश्लील मैसेज भेजे। इस पर उन्होंने एसपी को शिकायती पत्र दिया।
शिकायत के बाद एक सिपाही ने उनके घर पहुंच कर जबरन पुत्री का मोबाइल लिया और नंबर सहित चैट डिलीट कर दिया। पीड़िता ने फिर अपर पुलिस महानिदेशक से इसकी शिकायत की।
मामले में पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रकरण की जांच सीओ राजवीर सिंह परिहार को सौंपी गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने दरोगा उदयवीर सिंह और सिपाही सरफराज को निलंबित कर दिया है।