नौगावां सादात। घर की सीढ़ियों पर लगी लोहे की ग्रिल में दौड़ रहा करंट की चपेट में आकर कक्षा छह के छात्र की मौत हो गई। अचेत अवस्था में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बुधवार को परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती दर्जियान निवासी मोहम्मद अकरम किराना की दुकान करते हैं। उनका 13 वर्षीय बेटा नूर इलाही भी पिता के साथ दुकान पर बैठता था। मंगलवार शाम वह दुकान से कुछ सामान लेकर पास स्थित एक घर में पहुंचाने गया था। घर में दाखिल होते समय सीढ़ियों की ग्रिल छूने पर उसे करंट लग गया। परिजन पहले उसे निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर अमरोहा के अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो चुकी थी। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सीओ अवधभान भदौरिया ने हादसे की जानकारी से इंकार किया है।