क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय छात्रा की शुक्रवार को घर पर ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह कुछ समय पहले ही बाहर से घर आई थी। छात्रा ने इसी साल 12वीं पास की थी। परिजनों ने गांव के ही हमउम्र प्रेमी पर छात्रा की हत्या करने का आरोप लगाया है।
एएसपी और सीओ ने घटनास्थल का मुआयना किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही है। वहीं, पुलिस आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के एक गांव में किसान का परिवार रहता है। किसान के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा व चार बेटियां हैं। दूसरे नंबर की बेटी ने अमरोहा के एक इंटर कॉलेज से इसी साल इंटर की परीक्षा पास की थी। उसके 66 प्रतिशत अंक आए थे। आरोप के मुताबिक शुक्रवार दोपहर छात्रा अपने चाचा के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वह चाचा के घर नहीं पहुंची। ग्रामीणों के मुताबिक छात्रा एक खंडहर नुमा घर में गई थी। वहीं, कुछ देर बाद घर पहुंचते ही छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
छात्रा के परिजनों ने गांव के ही रहने वाले हमउम्र किशोर पर हत्या का आरोप लगाया। कुछ देर में भीड़ जमा हो गई। आरोपी किशोर व छात्रा के बीच प्रेम प्रसंग की चर्चाएं गांव में थी। दोनों एक ही बिरादरी से हैं। छात्रा की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। एएसपी राजीव कुमार सिंह और सीओ अवधभान भदोरिया ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। मौके पर पहुंची फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने भी मौके पर सबूत जुटाए। छात्रा के परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस ने किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।