दुल्हेपुर अहीर गांव में हाईटेंशन करंट ने बुधवार को जमकर कहर बरपाया। ट्रांसफार्मर पर एचटी लाइन का तार गिरने से गांव में करंट दौड़ गया, जिसमें बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र की मौत हो गई। जबकि महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरे गांव में दौड़े एचटी करंट से बिजली उपकरण भी फुंक गए। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के दूल्हेपुर अहीर गांव बुधवार की सुबह करीब आठ बजे प्राथमिक विद्यालय के बगल में रखे ट्रांसफार्मर पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा। जिससे गांव में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। इस दौरान स्टेबलाइजर से वोल्टेज कम कर रहा बीएससी का छात्र बृजेश हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि गांव की ही संता देवी, रामौतार, पूनम और करन सिंह भी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। करंट दौड़ते ही गांव में अफरातफरी मच गई। लोगों में चीखपुकार मच गई।
चीखपुकार के बीच ग्रामीणों एक-दूसरे की मदद से घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों को गुस्सा भड़क गया। जमकर हंगामा किया। लेकिन ग्रामीणों के तेवर देख कोई भी बिजली कर्मचारी गांव नहीं पहुंचा। इसके बाद ग्रामीणों ने आमदपुर थाने में तहरीर देकर बिजली विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।