खेत पर फसल को पानी देने गया छात्र बिजली के तारों की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे लेकर सरकारी अस्पताल आए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों संग बिजली विभाग के खिलाफ तहसील के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि विभाग की लापरवाही की वजह से एक साल के भीतर अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। मौके पर पहुचे उपखंड अधिकारी के लिखित आश्वासन पर जाम खोला गया।
थाना क्षेत्र के गांव भूतपुरा निवासी राजपाल सिंह का 21 साल का पुत्र सुबोध खारी मंगलवार की सुबह खेत पर पानी देने के लिए गया था। फसल की सिंचाई के दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर सुबोध के ऊपर गिर गया। वह बुरी तरह झुलस गया। पास में ही काम कर रहे परिजन उसे लेकर सरकारी अस्पताल आए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुबोध के मरने की खबर लगते ही ग्रामीण भी नगर में आ गए। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सुबोध के शव को तहसील के सामने रखकर गजरौला मार्ग पर जाम लगा दिया। गांव वालों का आरोप था कि बिजली विभाग की लापरवाही से एक साल में यह चौथी मौत है। छह माह पहले कौशिंद्र की मौत हो चुकी है। जाम की सूचना मिलने पर थाना बछरायूं व धनौरा का फोर्स मौके पर पहुंच गया। ग्रामीण बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। दो घंटे बाद पहुचे उपखंड अधिकारी ने जर्जर तारों को बदले जाने की मांग आश्वासन दिया। तब जाम खोला गया। इस मौके पर ग्राम प्रधान विनोद गुर्जर मौजूद थे।