गजरौला में हादसे में छात्र की मौत पर बिलखते पिता को सांत्वना देता व्यक्ति।
- फोटो : amar ujala
नगर के एहरौला रोड पर ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे साइकिल चला रहे छात्र को कुचल गया। इसमें उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर इंद्रा चौक पर छात्र का शव रख कर धनौरा हाईवे जाम कर दिया।
सूचना पर पहुंचे मय फोर्स पहुंचे सीओ मोहनलाल ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इस दरम्यान आधा घंटे तक तमाम वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर शव को पीएम के लिए भेजा है। ट्रैक्टर ट्राली को भी कब्जे में ले लिया है।
नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी राजेंद्र सिंह एहरौला रोड पर परचून की दुकान करता है। राजेंद्र का इकलौता बेटा अमन (11) कक्षा तीन का छात्र था। गुरुवार की शाम करीब छह बजे अमन एहरौला रोड पर साइकिल चला रहा था। उसी समय एहरौला की ओर से गजरौला आ रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में अमन को चपेट में ले लिया।
अमन ट्रैक्टर-ट्राली के पिछले पहिए के नीचे गया, सिर के ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया उतरने से अमन गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसा देख आसपास मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राली को रोक कर चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस बल भी पहुंच गया। इधर, मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन में अमन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्साधिकारी ने अमन को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना पर मोहल्ले वाले भी सरकारी अस्पताल पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने इंद्रा चौक पर जाम लगा दिया। कुछ देर जाम लगाने के बाद गुुस्साए लोग सरकारी अस्पताल पहुंचे और शव को मय स्ट्रेचर से लेकर फिर से इंद्रा चौक पहुंच गए और धनौरा हाईवे जाम लगा दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इतना ही नहीं चौपला मार्ग भी जाम कर दिया गया। वहीं सीओ मोहनलाल और थानाध्यक्ष उपेंद्र यादव भी फोर्स के साथ इंद्रा चौक पहुंचे। जाम लगा रहे लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब लोग शांत हुए।