ऑल इंडिया बैंक इंप्लॉइज एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को बैंकों की हड़ताल रही। हड़ताल की वजह से करीब दो अरब का लेनदेन प्रभावित हुआ। अधिकांश एटीएम के शटर भी बंद रहे, जिसकी वजह से उपभोक्ता परेशान नजर आए।
प्रथमा के अलावा अन्य प्राइवेट बैंकों में रोज की तरह काम को अंजाम दिया गया। बुधवार को सभी बैंक खुलेंगे। ऐसे में भीड़ उमड़ने की आशंका को देखते हुए बैंकों ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। एटीएम के शटर भी खोलने का फैसला लिया है।
ऑल इंडिया बैंक इंप्लॉइज एसोसिएशन के तत्वावधान में मंगलवार की सुबह से ही भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा व सिंडीकेट बैंकों पर ताला लटक गया। इनके एटीएम के शटर भी गिरे रहे।
सुबह उपभोक्ता बैंकों पर सभी काम निपटाने की बात सोचकर पहुंचे, लेकिन ताला लटका देखकर मायूस हो गए। बगैर कार्य पूर्ण हुए ही घर लौट गए। यही सिलसिला सुबह से शाम तक चलता रहा। प्रथमा बैंक के अलावा एचडीएफसी, एक्सिस, आईडीबीआई, यूनियन बैंक में रोज की तरह कर्मचारियों ने कार्य को निपटाया।
अधिकारियों की बात पर यकीन करें तो दिन भर मुख्य बैंकों में काम नहीं होने की वजह से करीब दो अरब का लेनदेन प्रभावित हुआ है। शाम हड़ताल खत्म होने के बाद अधिकारियों ने बुधवार को रोजमर्रा की भांति निर्धारित समय दस बजे बैंक खुलने की बात कही है। दिन भर कामकाज चलना बताया है। बहरहाल आज दिन भर उपभोक्ता बिना काम हुए टेंशन में रहे। उधर कस्बा जोया में भी बैंकों पर तालाबंदी रही। उपभोक्ता परेशान होकर घर को जाते दिखे।