अमरोहा। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने बुधवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। लखन सिंह यादव के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कुल 170 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले, दोषपूर्ण या मानक के विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले, तीन सवारी बैठाने वाले, बिना हेल्मेट चलने वाले तथा वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर अतिक्रमण हटवाकर यातायात को सुगम बनाने का प्रयास किया गया। डीएम के निर्देश पर एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्कूली वाहनों की भी जांच की गई। इस दौरान बिना फिटनेस और बिना परमिट चल रहे 8 स्कूली वाहनों के खिलाफ चालान किया गया। नेशनल हाईवे पर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वह नियमों का पालन करें, अपने वाहनों को मानकों के अनुरूप रखें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।