अमरोहा। एसपी लखन सिंह यादव के निर्देशन में सोमवार को जनपद में यातायात पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 415 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन सीज किया गया। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था भी सुचारु कराई गई।
अभियान में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर, मानक के विपरीत नंबर प्लेट, तीन सवारी, बिना हेल्मेट और वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मॉडिफाइड साइलेंसर और हूटर लगे वाहनों पर विशेष अभियान चलाया गया। स्पीड लेजर गन से ओवरस्पीडिंग की जांच में 102 वाहनों के चालान किए गए।
डीएम के निर्देश पर 15 अप्रैल तक चल रहे विशेष अभियान के तहत बिना फिटनेस और बिना परमिट संचालित स्कूली वाहनों की भी जांच हुई। टीपी नगर तिराहा से बटवाल तिराहा, नल तिराहा और अतरासी तिराहा तक नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ चालान किए गए। वहीं अवैध परमिट पर संचालित वाहनों की चेकिंग में एक वाहन सीज कर नौगावां थाने में दाखिल कराया गया। संवाद