गजराैला। खेत में बहन के साथ गेहूं काट रही अनुसूचित जाति की किशोरी संग दूसरे समुदाय के युवक ने छेड़खानी की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का भी आरोप है। शोर मचाने पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
मामला सोमवार दोपहर का कुमराला चौकी क्षेत्र के एक गांव का है। गांव के अनुसूचित जाति के ग्रामीण की दो बेटियां खेत में गेहूं की फसल काट रही थीं। आरोप है कि दोनों बहनों को अकेला देख दूसरे समुदाय का युवक आ गया। उसने दोनों बहनों में एक किशोरी के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी के साथ मारपीट की। बहनों के शाेर मचाने पर गांव के लोग दौड़ पड़े। आरोपी को पकड़ लिया। जमकर उसकी पिटाई की।
आरोपी को सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित किशोरी को लेकर परिजन थाने पहुंचे। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। किशोरी का पुलिस ने मेडिकल कराया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल करा दिया गया है। तहरीर मिल गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद