फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आवारा कुत्तों ने दो बच्चों पर किया हमला, एक की मौत, भड़के ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम

विज्ञापन
मृतक शशिकांत का फाइल फोटो - फोटो : HASANPUR
विज्ञापन
हसनपुर (अमरोहा )। क्षेत्र में आवारा कुत्ते जानलेवा हो गए हैं। सोमवार को घर के बाहर खेलते समय दो मासूम बच्चों पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। जिसमें 9 वर्षीय मासूम ने दम तोड़ दिया। जबकि 12 वर्षीय बच्चे को हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। तीन घंटे बाद बमुश्किल पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन

घटना हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव उधनपुर की है। गांव निवासी किसान इमरत सिंह का 9 वर्षीय बेटा शशिकांत और परिवार के ही चचेरे भाई मदन सिंह का 12 वर्षीय बेटा कृष सोमवार सुबह को घर के बाहर अपने खेत पर खेलने गए थे। घर गांव के बाहरी छोर पर बना हुआ है। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया। चीख पुकार मचने पर ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। लाठी डंडा लेकर उन्होंने कुत्तों को दौड़ाया। घायल दोनों बच्चों को परिजन अस्पताल में ले गए। जहां शशिकांत को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया जबकि कृष को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
घटना से नाराज लोगों ने अतरासी चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। वन क्षेत्राधिकारी एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई। जाम लगने से आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस लोगों को समझा कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे बाद वन क्षेत्राधिकारी शीशपाल विष्ट और एडीएम न्यायिक के मौके पर पहुंचने पर लोग शांत हुए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इस दौरान तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
विज्ञापन

आवारा कुत्तों से ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल
हसनपुर। आवारा कुत्तों को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए। लगातार कुत्तों का डर बना हुआ है। अकेले में बच्चों को खेतों पर जाने नहीं दिया जा रहा है। बड़े भी सावधानी के साथ ही खेतों की तरफ निकल रहे हैं। गांव उधनपुर निवासी अमर सिंह का कहना है कि कई गांवों में आवारा कुत्तों ने मासूम की बच्चों की जान ली है। लेकिन जिम्मेदारों द्वारा इस तरफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। टीम गठित कर कुत्तों को पकड़वाया जाए। संवाद
मेरठ ले जाते समय ब्रजघाट जाम में फंसे तो गजरौला में कराया भर्ती
गांव उधनपुर में कुत्तों के हमले में मासूम शशिकांत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कृष को आनन फानन में मेरठ ले जाया जा रहा था। लेकिन ब्रजघाट में जाम लगा होने की वजह से कार जाम में फंस गई। किसी तरह से कार को वहां से वापस गजरौला लाया गया और गजरौला के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। हालत गंभीर बताई जा रही है।
वन विभाग की टीम ने पकड़े तीन कुत्ते
हसनपुर। आवारा कुत्तों के हमले में मासूम की मौत के बाद नाराज लोगों द्वारा अतरासी चौराहा पर जाम लगा दिया गया। घटना को लेकर हरकत में आए अफसरों ने कुत्तों को पकड़ने के निर्देश दिए। वन क्षेत्राधिकारी शीशपाल बिष्ट और नगर पालिका की टीम गांव पहुंच गई। जंगल में कुत्तों को तलाश किया गया। वहां से तीन कुत्तों को पकड़ा गया है। जबकि चार कुत्ते अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। वन क्षेत्राधिकारी शीशपाल बिष्ट ने बताया कि कुत्ते वन्य जीव संरक्षण के तहत नहीं आते। फिर भी अधिकारियों के निर्देश पर तीन कुत्तों को पकड़कर नगर पालिका की टीम के सुपुर्द कर दिया है। अन्य कुत्तों को भी जल्द पकड़ा जाएगा। संवाद
दो बहनों का इकलौता भाई था शशिकांत
गांव उधनपुर में कुत्तों हमले में मारा गया शशिकांत दो बहनों का इकलौता भाई था। शशिकांत की मौत से घर का इकलौता चिराग बुझ गया। परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। वह कक्षा चार का छात्र था। छुट्टियां चल रही हैं। इसलिए बच्चे घर के पास ही खेत में खेलने के लिए चले जाते थे। दोनों बहनें एवं मां का रो-रोकर बुराहाल है।
जाम में फंसे वाहन, लोगों को हुई परेशानी
उधनपुर में कुत्तों के हमले में बच्चे की मौत के बाद नाराज लोगों द्वारा अतरासी चौराहे पर जाम लगा दिया गया। जिससे दूर-दूर तक वाहनों की लाइन लग गई। जाम में फंसे लोगों को गर्मी के मौसम में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। संभल अड्डे से रहरा अड्डे तक जाम लगा रहा। जबकि गजरौला मार्ग पर दूर तक वाहनों की लाइन लगी रही।
आवारा कुत्तों के हमले में अबतक इनकी हो चुकी है मौत
-23 जनवरी 2022 का सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव बिजनौरा में 40 वर्षीय नथीया को कुत्तों ने मार डाला था।
-31 मार्च 2021 को हसनपुर के गांव रामपुर भूड़ में किसान के 11 वर्षीय बेटे शरद को कुत्तों ने मार डाला था।
-01 अप्रैल 2021 को हसनपुर के गांव दीपपुर में 14 वर्षीय कनिष्क को कुत्तों ने मार डाल था।
-27 नवंबर 2021 को सैदनगली के कनेटा में आठ वर्षीय अमित को कुत्तों ने मार डाला था।
-11 दिसंबर 2021 को कुत्तों ने 15 वर्षीय किसान की बेटी रिंकी को मार डाला था।
-30 मई 2022 को गांव उधरनपुर में नौ वर्षीय शशिकांत की कुत्तों के हमले में मौत ।

हसनपुर में अतरासी चौराहा पर जाम खुलवाने को लोगों को समझाते विधायक।- फोटो : HASANPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें