बकायेदारों के कनेक्शन काटने पहुंची बिजली विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि बकायेदारों के साथ ग्रामीणों ने उन पर पथराव कर दिया। टीम को भागकर जान बचानी पड़ी। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
आदमपुर बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता शिव शंकर सोमवार शाम टीम के साथ गांव बहादुरपुर मिश्र में बकाया बिल वसूली के साथ गए थे। जैसे ही बकायेदारों द्वारा बिल जमा नहीं करने पर केबल काटने शुरू किए तो ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि बिजली टीम के साथ गाली-गलौज की गई। बकरायेदारों ने कहा कि कनेक्शन न काटे जाएं। जबकि, बिजली विभाग की टीम ने कहा कि बिल जमा नहीं होगा तो कनेक्शन काटे जाएंगे।
बिजली विभाग की टीम ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया तो वह हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की टीम पर पथराव कर दिया। पथराव होते ही टीम को मौके से भागकर जान बचानी पड़ी। अवर अभियंता शिव शंकर ने मामले की तहरीर थाने में देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।